जुलाई 9, 2026 8:37 अपराह्न

printer

नई दिल्ली: क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया ने एनएसआईसी के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए

क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) ने आज नई दिल्ली में नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएसआईसी) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य देश भर में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों – एमएसएमई के लिए गुणवत्ता, प्रतिस्पर्धात्मकता और बाजार पहुंच को मजबूत करने के लिए एक सहयोगात्मक प्रणाली स्थापित करना है। यह साझेदारी क्यूसीआई की गुणवत्ता, आधिकारिक मान्यता और प्रमाणन में विशेषज्ञता को एनएसआईसी के व्यापक एमएसएमई सहायता तंत्र के साथ जोड़ती है, ताकि वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त गुणवत्ता मानकों को तेजी से अपनाया जा सके और भारतीय उद्यमों के विकास को बढ़ावा दिया जा सके।

इस सहयोग का लक्ष्य एमएसएमई सतत प्रमाणन योजना, एमएसएमई ग्लोबल मार्ट, व्यापार सक्षमीकरण और विपणन पहल और एकल बिंदु पंजीकरण योजना सहित प्रमुख राष्ट्रीय पहलों को एकीकृत करना है। इससे शून्य दोष शून्य प्रभाव – जेडईडी प्रमाणन को व्यापक रूप से अपनाने में सुविधा होगी, डिजिटल बाजार तक पहुंच में सुधार होगा, परीक्षण और आधिकारिक मान्यता अवसंरचना को मजबूत किया जाएगा और एमएसएमई और प्रशिक्षण संस्थानों के लिए क्षमता निर्माण के अवसरों का विस्तार होगा।

इस अवसर पर एनएसआईसी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. सुभ्रांशु शेखर आचार्य और क्यूसीआई के वरिष्ठ निदेशक और उद्योग उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय प्रभाग के प्रमुख डॉ. ए. राज उपस्थित थे। इस अवसर पर डॉ. आचार्य ने कहा कि यह सहयोग एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में सहायक होगा। इससे उद्यम घरेलू और वैश्विक बाजारों में आत्मविश्वास के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे। डॉ. राज ने कहा कि यह साझेदारी एमएसएमई की प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाएगी, गुणवत्ता के प्रति जागरूकता को मजबूत करेगी और क्यूसीआई के राष्ट्रीय गुणवत्ता अभियान को और आगे बढ़ाएगी।