जुलाई 9, 2026 8:30 पूर्वाह्न

printer

केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के किसानों के हित में खोपरा और तोतापुरी आमों की खरीद को मंज़ूरी दी

केंद्र सरकार ने किसानों के हितों की रक्षा के लिए तमिलनाडु के किसानों से खोपरा और तोतापुरी आमों की खरीद को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि इससे उत्पादकों को बेहतर मूल्य मिलेगा और उन्‍हें बाजार में उतार-चढ़ाव की कीमतों से राहत मिलेगी। इसके अंतर्गत, राज्य में 87 हजार 226 मीट्रिक टन से अधिक खोपरा की खरीद की जाएगी, जिसमें 87 हजार मीट्रिक टन मिलिंग खोपरा और 226 मीट्रिक टन बाल खोपरा शामिल है। खोपरा की पूरी खरीद मूल्य समर्थन योजना के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य-एमएसपी पर की जाएगी। स्वीकृत खरीद का कुल एमएसपी मूल्य एक हजार करोड़ रुपये से अधिक है।

इसके अलावा, बाजार हस्तक्षेप योजना-एमआईएस के तहत इस वर्ष तमिलनाडु में 96 हजार मीट्रिक टन से अधिक तोतापुरी आमों की खरीद को भी मंजूरी मिल गई है। यह खरीद एमआईएस के तहत की जाएगी, जिसमें बाजार हस्तक्षेप मूल्य एक हजार रुपये प्रति क्विंटल से अधिक निर्धारित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य तोतापुरी आम उत्पादकों को उनकी उपज का उचित और लाभकारी मूल्य दिलाना है, साथ ही बाजार मूल्यों में अचानक गिरावट के कारण उन्हें नुकसान में बेचने से बचाना है।