अक्टूबर 29, 2026 9:38 अपराह्न

printer

नई दिल्ली: राष्ट्रीय दिव्यांग सेवा केंद्र ने दिवाली मेले का आयोजन किया

राष्ट्रीय दिव्यांग सेवा केंद्र ने आज नई दिल्ली में दिवाली मेले का आयोजन किया। इसमें देशभर के केंद्रों में प्रशिक्षित दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प और अन्य उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। श्रम और रोजगार मंत्रालय के अनुसार, मेले में दिल्ली, तिरुवनंतपुरम, देहरादून, भुवनेश्वर, कोलकाता और मुंबई स्थित केंद्रों के प्रशिक्षुओं तथा पूर्व छात्रों के उत्पाद शामिल थे।

इन उत्पादों में जूट और कपड़े के थैले, मोमबत्तियां, इलेक्ट्रॉनिक सामान, पेंटिंग, साबुन, क्रोशिया से बनी वस्तुएं, कपड़े, बुनाई और कढ़ाई के सामान, लकड़ी से बनी वस्तुएं तथा त्योहारों की सजावट का सामान शामिल था। मंत्रालय ने कहा कि मेले का उद्देश्य दिव्यांगजनों के उत्पादों को मंच प्रदान करना, उनकी रचनात्मकता को पहचानना और उत्पादों की गुणवत्ता, उपयोगिता तथा बाजार में उनकी संभावनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वर्तमान में, देशभर में 24 राष्ट्रीय दिव्यांग सेवा केंद्र हैं।