सेमीकंडक्टर से जुड़ा 5वां ‘सेमिकॉन इंडिया’ सम्मेलन कल नई दिल्ली में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन का विषय था- “सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम”। तीन दिन के इस सम्मेलन में 600 से अधिक प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया। इनमें लगभग 300 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी, 52 देशों के प्रतिनिधि और 150 से अधिक वक्ता शामिल हुए।
जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्वीडन के मंडपों और 12 राज्य मंडपों में सेमीकंडक्टर मूल्य-श्रृंखला के पहलुओं को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 40 हज़ार लोगों ने भागीदारी की।
सम्मेलन का उद्गाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। उन्होंने सेमीकंडक्टर नीति निर्माण से लेकर इसके वाणिज्यिक उत्पादन तक भारत की प्रगति की चर्चा की थी। श्री मोदी ने युवा चिप डिजाइनरों और छात्रों से बातचीत की और मोहाली के CDIL सेमीकंडक्टर तथा सूरत के सुची सेमीकॉन का ऑनलाइन उद्घाटन किया।
सम्मेलन के दौरान 56 समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। इसके अलावा सेमीकंडक्टर डिजाइन, निर्माण, आधुनिक पैकेजिंग, उपकरण और सामग्री, पावर इलेक्ट्रॉनिकी और यांत्रिक मेधा से जुड़ी घोषणाएं भी हुईं।