सितम्बर 5, 2026 10:25 अपराह्न

printer

एनसीएससी ने पंजाब में व्याख्याता पदों की भर्ती में SC उम्मीदवारों को आरक्षण का लाभ नहीं देने की शिकायतों पर मांगा जवाब

राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एन सी एस सी) ने पंजाब में व्याख्याता पदों की भर्ती प्रक्रिया में अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों को आरक्षण का लाभ नहीं देने से संबंधित शिकायतों पर समयबद्ध जवाब मांगा है।

केन्‍द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने बताया कि पंजाब के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर मामले के तथ्यों, आरोपों पर की गई कार्रवाई और सभी संबंधित रिकॉर्ड सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। एन सी एस सी ने सांसद तरुण चुघ की एक याचिका से संबंधित मामले की जांच का आदेश दिया है, जिसमें उन्होंने पंजाब शिक्षा विभाग में व्याख्याताओं की भर्ती में आरक्षण नीति के लागू नहीं होने का आरोप लगाया है।

श्री चुघ ने आरोप लगाया था कि विभाग ने एक हजार से अधिक व्याख्याता पदों की भर्ती प्रक्रिया में अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों को आरक्षण का लाभ नहीं दिया है। एन सी एस सी के अध्यक्ष किशोर मकवाना ने कहा कि व्याख्याता पदों की भर्ती प्रक्रिया में अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों को आरक्षण का लाभ नहीं देना एक अत्यंत गंभीर मामला है।