महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज मणिपुर में राष्ट्रीय स्वच्छता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गांधीजी के स्वच्छता, सेवा, सत्य और अहिंसा के चिरस्थायी आदर्शों और स्वच्छ तथा जिम्मेदार समाज के प्रति दृष्टिकोण को स्मरण किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम इम्फाल के गांधी मेमोरियल हॉल में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत मणिपुर ने हाल के वर्षों में स्वच्छता और साफ-सफाई के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। इससे राज्य के समुदायों के सामूहिक प्रयासों से गांवों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाने में योगदान मिला है।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से स्वच्छ पर्यावरण और समाज को बनाए रखने में योगदान देने का आग्रह किया।
इस कार्यक्रम में सरकारी संगीत महाविद्यालय के कलाकारों ने भावपूर्ण संगीत प्रस्तुति दी। उसके बाद सरकारी नृत्य महाविद्यालय के कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुति दी।
यह दिवस राज्य भर के विभिन्न जिलों और स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी विभागों में भी मनाया गया।