नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो और उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पैटन ने आज नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बैठक में राज्य की विकास संबंधी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र से सहयोग का आग्रह किया गया।
मुख्यमंत्री रियो ने श्री शाह से हस्तक्षेप कर नागालैंड के विकास से जुड़े प्रयासों में तेजी लाने के लिए सहयोग करने का अनुरोध किया। उपमुख्यमंत्री पैटन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बैठक में नागालैंड से जुड़े विभिन्न मुद्दों, विकास की प्राथमिकताओं और राज्य के लोगों के कल्याण तथा हितों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने नागालैंड के लिए निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस बीच, मुख्यमंत्री रियो ने गृह मंत्री को लिखे पत्र में केंद्र सरकार से नागालैंड में लागू संरक्षित क्षेत्र परमिट-पीएपी व्यवस्था की तत्काल समीक्षा कर इसे वापस लेने का अनुरोध किया है। हाल ही में संपन्न विधानसभा सत्र में नागालैंड विधानसभा ने सर्वसम्मति से पीएपी व्यवस्था हटाने का प्रस्ताव पारित किया था।