आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने 2026 खरीफ मौसम के लिए प्रधानमंत्री-किसान-अन्नदाता सुखीभव योजना के तहत वित्तीय सहायता की पहली किस्त के रूप में 3 हजार 125 करोड़ रुपये जारी किए। प्रति किसान सात हजार रुपये की दर से यह सहायता समूचे आंध्र प्रदेश के 46 लाख 85 हजार से अधिक किसानों के खातों में अंतरित की गई।
आज आंध्र प्रदेश के पालनाडु जिले के लिन्गन्गुन्टला गांव में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री ने कृषि और बागवानी विभागों द्वारा स्थापित स्टालों का निरीक्षण किया, जिनमें किसान-उत्पादक संगठनों, महिला नेतृत्व वाली प्रसंस्करण इकाइयों, वर्मीकम्पोस्ट उत्पादन और अन्य कृषि उपायों को प्रदर्शित किया गया था।
श्री नायडू ने राष्ट्रीय तिलहन मिशन, ताड़ तेल मिशन और अपशिष्ट-ऊर्जा परियोजनाओं से संबंधित प्रदर्शनियों की भी समीक्षा की। स्वच्छ आंध्र-स्वर्ण आंध्र पहल के तहत, उन्होंने कडप्पा और कुरनूल जिलों में अपशिष्ट-ऊर्जा संयंत्रों की आभासी आधारशिला रखी। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि संयंत्रों के दिसंबर 2026 तक चालू होने की उम्मीद है।
बाद में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीएम-किसान-अन्नदाता सुखीभव कार्यक्रम के तहत दिए गए संबोधन को किसानों के साथ सुना।