मई 30, 2026 8:16 पूर्वाह्न

printer

म्यांमा के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग पांच दिन की भारत यात्रा पर आज बिहार पहुंचेंगे

म्यांमा के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग पांच दिन की भारत यात्रा पर आज सुबह बिहार के गया पहुंचेंगे। उनके साथ कई कैबिनेट मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारिक नेताओं सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा। राष्‍ट्रपति के रूप में यू मिन आंग ह्लाइंग की यह पहली भारत यात्रा होगी। गया में, म्यांमा के राष्ट्रपति महाबोधि मंदिर और सुजाता मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग इसके बाद नई दिल्ली पहुंचेंगे। वे आज शाम विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे।

कल म्यांमा के राष्ट्रपति की म्यांमा-भारत व्यापार मंच में भाग लेने की संभावना है। सोमवार को वे प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और सांस्‍कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए चर्चा करेंगे। कल नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच बैठक के दौरान म्यांमा और भारत के बीच आपसी संबंधों से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि भारत म्यांमा के राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए उत्सुक है।

इस यात्रा के अंतर्गत म्यांमा के राष्ट्रपति व्यापार और उद्योग जगत से संबंधित वार्ताओं और शहर के विभिन्‍न स्थलों पर भ्रमण के लिए 2 जून को मुंबई भी जाएंगे। आकाशवाणी संवाददाता ने बताया है कि म्‍यांमा भारत की ‘पड़ोसी पहले’, ‘एक्ट ईस्ट’ और ‘महासागर’ नीतियों में विशेष स्‍थान रखता है। राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग की भारत की आधिकारिक यात्रा से दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों के और अधिक मजबूत तथा प्रगाढ़ होने की आशा है।