महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र आज से मुंबई में शुरू हुआ। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 97 हजार 706 करोड़ रुपये से अधिक की अनुपूरक मांगें पेश कीं।
विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने नवनिर्वाचित सदस्यों सुनेत्रा पवार और अक्षय करडिले को पद की शपथ दिलाई।
कांग्रेस नेता नाना पटोले ने राज्य के कई हिस्सों में जल संकट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अल नीनो प्रभाव के कारण दक्षिण-पश्चिम मानसून में देरी हो रही है। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि इस विषय पर सदन में पर्याप्त चर्चा कराई जाएगी।
दिनभर की कार्यवाही के दौरान विधानसभा और विधान परिषद, दोनों सदनों ने पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले, पद्म भूषण से सम्मानित सुमन कल्याणपुर, पूर्व विधायक भाऊराव देशमुख तथा सुरेशकुमार जेठालिया को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।