मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने राज्य के अधिकारियों से विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सत्यनिष्ठा, राजनीतिक तटस्थता और अनुशासित होकर कार्य करने का आह्वान किया है। आज श्री लालदुहोमा ने आइजोल के प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान में सरकारी अधिकारियों के क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी की प्रतिष्ठा पहली तैनाती से ही बननी शुरू हो जाती है और इसका असर पूरे कार्यकाल पर पड़ सकता है। उन्होंने अधिकारियों से प्रलोभनों से दूर रहने और लोक सेवा के उच्च मानकों को बनाए रखने का आग्रह किया।
श्री लालदुहोमा ने अधिकारियों को राज्य के विभिन्न हिस्सों में तैनाती स्वीकार करने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत पर भी बल दिया।