मिजोरम ने 2027 की जनगणना की प्रक्रिया को देश में सबसे पहले पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्य सचिव खिल्ली राम मीणा ने आज आइजोल में आयोजित राज्यस्तरीय सम्मेलन में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जनगणना का काम सटीकता और समय पर पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नीतियां बनाने और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हासिल करने में जनगणना के आंकड़े महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि मिजोरम में सभी 16 अनुसूचित जातियों के लोगों के साथ-साथ राज्य में रह रहे शरणार्थियों को भी जनगणना में शामिल किया जाएगा। हालांकि, जनगणना में शरणार्थियों को शामिल किए जाने से उन्हें भारतीय नागरिकता नहीं मिलेगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग अपना आधार नंबर साझा नहीं करना चाहते, उन्हें इसके लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। साथ ही, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर से बाहर रह गए लोगों की भी जनगणना की जाएगी।