नवम्बर 25, 2026 8:28 अपराह्न

printer

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, भारत और चीन के बीच राजनयिक और सैन्य स्तर पर बातचीत जारी

भारत और चीन के बीच राजनयिक और सैन्य स्तर पर बातचीत जारी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि दोनों देश नियमित रूप से राजनयिक और सैन्य माध्यमों से संपर्क बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में पूर्वी क्षेत्र में दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की बैठक हुई। इसमें वास्तविक नियंत्रण रेखा- एलएसी पर सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने और लंबित मुद्दों के समाधान पर चर्चा हुई। श्री जायसवाल ने कहा कि इस तरह की बातचीत का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना तथा तनाव बढ़ने की किसी भी स्थिति को रोकना है।

अमरीका से भारतीय नागरिकों के निर्वासन से जुड़े सवाल पर श्री जायसवाल ने बताया कि इस वर्ष की शुरुआत से अब तक एक हजार सात सौ भारतीय नागरिकों को अमरीका से वापस भेजा गया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच प्रवासन और आवागमन के मुद्दों पर लगातार सहयोग जारी है। उन्होंने बताया कि भारत अवैध प्रवासन के खिलाफ है और निर्वासन के मामलों में अमरीका के साथ सहयोग करता है। उन्होंने कहा कि जब भी किसी व्यक्ति को वापस भेजने के संबंध में जानकारी मिलती है, तो भारत उसकी राष्ट्रीयता की पुष्टि करता है और इसके बाद उसे वापस स्वीकार करता है।

बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत इन घटनाओं को लेकर चिंतित है। उन्होंने बांग्लादेश सरकार से इन मामलों की पूरी जांच करने और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने का आग्रह किया।

वहीं, बांग्लादेश सरकार की ओर से शेख हसीना के प्रत्यर्पण अनुरोध पर श्री जायसवाल ने कहा कि इस पर निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार विचार किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा दस्तावेज के आधार पर स्वेच्छा से अपने देश लौटने की इच्छुक एक नागरिक का मामला प्रत्यर्पण अनुरोध से अलग है।

सीजेपी के सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के संबंध में श्री जायसवाल ने कहा कि पासपोर्ट आवेदन के दौरान आवेदक को सही जानकारी देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे सात दिन के भीतर अपने जन्मस्थान के संबंध में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। प्रवक्ता ने बताया कि जवाब देने तक उन्हें पासपोर्ट का इस्तेमाल न करने की सलाह भी दी गई है।