संस्कृति मंत्रालय कल से नई दिल्ली में ‘बृहत्तर भारत : विश्व में भारत के सांस्कृतिक संबंध’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी इस सम्मेलन में शामिल होंगे।
तीन दिन के इस सम्मेलन में 50 देशों के प्रतिनिधि, राजदूत और विद्वान भारत के साथ दुनिया के विभिन्न देशों के ऐतिहासिक और वर्तमान सांस्कृतिक संबंधों पर विचार-विमर्श करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विशेष वीडियो संदेश के माध्यम से सम्मेलन को संबोधित करेंगे। चीन, जापान, मंगोलिया, नेपाल और ईरान सहित कई देशों के प्रतिभागी साझा सांस्कृतिक विरासत और सभ्यताओं के बीच आदान-प्रदान पर चर्चा करेंगे।
यह सम्मेलन बृहत्तर भारत परिषद की स्थापना के सौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इस परिषद की स्थापना 14 अक्टूबर 1926 को कोलकाता में भारतीय विद्वानों के एक समूह ने की थी। गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर इसके आध्यात्मिक मार्गदर्शक थे। सम्मेलन के दौरान ‘एशिया की साझा सांस्कृतिक विरासत’ विषय पर एक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।