जून 18, 2026 7:51 अपराह्न

printer

सूचना और प्रसारण राज्‍यमंत्री एल. मुरूगन ने पद्मश्री डॉ० आर श्रीधर को सम्‍मानित किया

सूचना और प्रसारण राज्‍यमंत्री लोगनाथन मुरूगन ने आज आकाशवाणी चेन्‍नई में आयोजित एक समारोह में पद्मश्री से अलंकृत डॉ० आर श्रीधर को सम्‍मानित किया। यह समारोह प्रसारण और विज्ञान संचार के क्षेत्र में डॉ० श्रीधर की सेवा को सम्‍मानित करने के लिए आयोजित किया गया था। डॉ० मुरूगन ने इस अवसर पर डॉ. एन. सुंदरम द्वारा लिखित पुस्‍तक ‘इनोवेशंस इन इंडियन पब्लिक सर्विस ब्रॉडकॉस्टिंग’ का विमोचन भी किया। डॉ० मुरूगन ने कहा कि डॉ० श्रीधर ने अपने करियर के दौरान रेडियो प्रोग्रामिंग में असाधारण नवाचार किये। 
 
आकाशवाणी और दूरदर्शन के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने भी डॉक्‍टर श्रीधर को भारतीय प्रसारण में क्रांतिकारी व्‍यक्ति बताते हुए उनकी सराहना की। श्री जैन ने युवा पत्रकारों के लिए लॉजिस्टिक और जरूरी आत्‍मविश्‍वास प्रदान करने का श्रेय भी डॉक्‍टर श्रीधर को दिया। डॉक्‍टर श्रीधर ने आकाशवाणी में एक केज्‍यूअल कर्मचारी के रूप में सफर शुरू किया था। उन्‍होंने साइंस रिपोर्टर के रूप में काम किया और बाद में आकाशवाणी और दूरदर्शन में निदेशक पद पर भी रहे।