मेघालय के ऊर्जा मंत्री और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी- यूडीपी के अध्यक्ष मेटबाह लिंगदोह ने राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से लागू होगा। पार्टी के 12 में से 11 विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद उन्होंने यह फैसला लिया है। मेटबाह लिंगदोह ने बताया कि उन्होंने मौजूदा राजनीतिक हालात और पार्टी के भीतर हाल के घटनाक्रमों पर विचार करने के बाद मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
उन्होंने कहा कि अब विधानसभा में यूडीपी के वे अकेले विधायक रह गए हैं। पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति, पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों से चर्चा के बाद आगे की रणनीति तय करेगी। इस्तीफे पर किसी तरह के दबाव से इनकार करते हुए श्री लिंगदोह ने कहा कि उन्होंने यह फैसला पूरी तरह अपने विचार-विमर्श के बाद लिया है।