अक्टूबर 29, 2026 8:51 अपराह्न

printer

मेघालय: मुख्य सचिव डॉ. शकील पी. अहमद ने जनगणना 2027 में प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित करने का किया आग्रह

मेघालय के मुख्य सचिव डॉ. शकील पी. अहमद ने अधिकारियों से जनगणना 2027 में प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने समावेशी विकास और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनसंख्या के सटीक आंकड़ों को महत्वपूर्ण बताया। शिलांग में आज राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विश्वसनीय जनसंख्या संबंधी आंकड़ों से स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, सड़क संपर्क और अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमियों की पहचान करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों और कमजोर वर्गों के लोगों को भी जनगणना में शामिल करना जरूरी है, ताकि कोई भी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। मुख्य सचिव ने जनगणना के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। सम्मेलन में जनगणना के दौरान गणना की प्रक्रिया, डिजिटल साधनों, अधिकारियों के बीच समन्वय और जनसंपर्क से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।