सितम्बर 19, 2026 8:48 पूर्वाह्न

printer

मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड ने आंध्र प्रदेश के डुग्गाराजपट्टणम में ग्रीनफील्ड शिपयार्ड के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल) ने आंध्र प्रदेश के डुग्गाराजपट्टणम में नया ग्रीनफील्ड शिपयार्ड विकसित करने के लिए नेशनल शिपबिल्डिंग और हेवी इंडस्ट्रीज पार्क-आंध्र प्रदेश के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। एमडीएल, रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत एक नवरत्न रक्षा सार्वजनिक उपक्रम है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में हुए इस समझौते पर एमडीएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक कैप्टन जगमोहन और एनएसएचआईपी-एपी के प्रबंध निदेशक प्रवीण आदित्य सी.वी. ने हस्ताक्षर किए। समझौते के अनुसार एमडीएल अगले पांच से सात वर्षों में करीब 15 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा। परियोजना से करीब 45 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

प्रस्तावित शिपयार्ड की सालाना 12 लाख ग्रॉस टन जहाज निर्माण की क्षमता होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाया जा सकेगा। यहां टैंकर, बल्क कैरियर, कंटेनर जहाज और एलएनजी कैरियर के साथ-साथ अन्य विशेष जहाज भी बनाए जाएंगे।   यह परियोजना प्रस्तावित डुग्गाराजपट्टणम शिपबिल्डिंग-कम-पोर्ट क्लस्टर का हिस्सा है, जिसे केंद्र सरकार की जहाज निर्माण योजना के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है।