मणिपुर सरकार ने जनगणना कार्य स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में कल नई दिल्ली में मणिपुर की वर्तमान स्थिति का आकलन करने संबंधी एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद लिया गया। इस बीच, मणिपुर उच्च न्यायालय ने निर्देश दिया है कि मणिपुर में जनगणना कार्य अगले आदेश तक स्थगित रहे।
गृह मंत्रालय में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर – एनआरसी के लागू होने से पहले मणिपुर की जनता द्वारा जनगणना कार्य स्थगित करने की मांग पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला, मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के बाद, मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य केंद्रीय नेताओं का जनता की आवाज सुनने और मणिपुर की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने 14 नागरिक समाज संगठनों के नेताओं और मणिपुर के भाजपा विधायक के प्रतिनिधिमंडल के प्रयासों की भी सराहना की, जिन्होंने हाल ही में मणिपुर में एनआरसी लागू करने के लिए नई दिल्ली में अभियान चलाया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंद और आम हड़तालें सरकार के समक्ष अपनी मांगों को मनवाने में मददगार साबित नहीं होंगी। उन्होंने नागरिक समाज समूहों से राज्य की सामाजिक-राजनीतिक चुनौतियों के समाधान में प्रशासन के साथ संवाद जारी रखने और पूर्ण सहयोग देने का आग्रह किया।
दूसरी ओर, मणिपुर उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश एम सुंदर और न्यायमूर्ति ए गुनेश्वर शर्मा की एक विशेष पीठ ने एक जनहित याचिका और एक अलग रिट याचिका की सुनवाई करते हुए मणिपुर में जनगणना कार्यों को स्थगित करने का निर्देश दिया। इस मामले की अगली सुनवाई 12 अक्टूबर, 2026 को निर्धारित की गई है।