उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने वाराणसी में बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) के प्रमुख बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को मुठभेड़ में मार गिराया। बृजेश गंझू करीब दो दशक से फरार था।
उसकी गिरफ्तारी पर झारखंड पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 30 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी, आगजनी, आपराधिक साजिश और सरकारी कर्मचारियों पर हमले समेत 50 से अधिक मामले दर्ज थे। इनमें नागरिकों और पुलिसकर्मियों की कथित हत्या के मामले भी शामिल हैं।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने मुठभेड़ में शामिल एटीएस टीम के लिए दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। बृजेश गंझू पर घोषित 30 लाख रुपये के इनाम में झारखंड पुलिस ने 25 लाख और एनआईए ने पांच लाख रुपये की राशि रखी थी।