सितम्बर 28, 2026 10:08 अपराह्न

printer

भारतीय तटरक्षक बल ने रासायनिक टैंकर एमटी सीगत-9 को सुरक्षित बचाया

भारतीय तटरक्षक बल ने ओडिशा के पारादीप तट के पास संकट में फंसे बेलीज के झंडे वाले रासायनिक टैंकर एमटी सीगत-9 को सुरक्षित बचाकर एक बड़ा समुद्री हादसा टाल दिया है। जहाज के मुख्य इंजन में खराबी आने और गिट्टी टैंक में तेजी से पानी भरने के बाद जहाज एक तरफ झुक गया था। इसके बाद आपात सहायता की मांग की गई। रक्षा मंत्रालय के अनुसार जहाज पर करीब 9 हजार मीट्रिक टन ताड़ का तेल और 23 चालक दल के सदस्य सवार थे।

मंत्रालय ने बताया कि भारतीय तटरक्षक पोत आईसीजीएस विश्वस्त को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। भारतीय तटरक्षक बल की विशेषज्ञ दल ने जहाज पर पहुंचकर आपात उपाय शुरू किए। बचाव अभियान को मजबूत करने के लिए एक प्रदूषण नियंत्रण पोत और अतिरिक्त अपतटीय गश्ती पोत भी तैनात किए गए। भुवनेश्वर से डॉर्नियर विमान भेजकर हवाई निगरानी की गई।

पारादीप बंदरगाह प्राधिकरण के टग डॉल्फिन ने स्थिति सामान्‍य होने पर इस जहाज को खींचकर पारादीप से दूर लंगरगाह क्षेत्र में पहुंचाया। मंत्रालय के अनुसार घटनास्थल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।