अगस्त 11, 2026 9:38 अपराह्न

printer

महाराष्‍ट्र: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का आयोजन

महाराष्‍ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी नागरिकों से तिरंगा ध्वज अपने पास रखते समय राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य को याद रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अनेकों लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। आज पुणे में श्री फडणवीस के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वयं तिरंगा ध्वज लेकर यात्रा में भाग लिया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, महापौर मंजुषा नागपुरे और पुणे नगर भाजपा अध्यक्ष धीरज घाटे भी उपस्थित थे। श्री फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विकसित भारत की परिकल्पना की है और उनके नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नागरिकों के सहयोग से महाराष्ट्र भी तीव्र विकास की ओर अग्रसर होगा।