नवम्बर 25, 2026 6:18 अपराह्न

printer

महाराष्ट्र ने अगले 5 वर्षों में बुनियादी ढांचे के लिए 100 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा

महाराष्ट्र ने अगले पांच वर्षों में बुनियादी ढांचे में 100 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज मुंबई में तीसरे विश्व मेयर्स फोरम का उद्घाटन करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने सुनियोजित, टिकाऊ और नागरिक-केंद्रित शहरी विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि भारत की जीडीपी में शहरों का योगदान लगभग 65 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि शहर आर्थिक विकास के इंजन होते हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए लगभग 50 अरब डॉलर का निवेश किया जा रहा है, जिसमें मेट्रो नेटवर्क, सड़कें, सुरंगें और जलापूर्ति परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने नवी मुंबई हवाई अड्डे के पास तीसरे मुंबई और विरार-वाधवन क्षेत्र में चौथे मुंबई को विकसित करने की योजनाओं के बारे में भी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास के लिए वित्तीय निवेश के अलावा, प्रभावी योजना और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की भी आवश्यकता होती है।