अगस्त 11, 2026 7:38 अपराह्न

printer

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, शहर किसी भी राष्ट्र की आर्थिक प्रगति के लिए ‘विकास के इंजन’

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि शहर केवल ईंट और कंक्रीट से बनी इमारतें नहीं हैं, बल्कि किसी राष्ट्र की आर्थिक प्रगति के लिए ‘विकास के इंजन’ हैं। उन्होंने आज ब्रिक्स देशों से आग्रह किया कि वे 21वीं सदी के लिए नागरिक-केंद्रित शहर बनाने के लिए अपने अनुभव, प्रौद्योगिकी और नवाचार साझा करें। मुंबई में आयोजित ब्रिक्स मैत्री नगर सम्मेलन 2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए श्री शिंदे ने कहा कि आधुनिक शहरों को उनकी मजबूती, नवाचार, सहयोग और स्थिरता से परिभाषित किया जाना चाहिए।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने राष्ट्रों की बढ़ती परस्पर निर्भरता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का विचार अब केवल एक दर्शन नहीं, बल्कि आज की परस्पर जुड़ी दुनिया में एक वास्तविकता है। श्री वर्मा ने इस बात पर बल दिया कि सम्मेलन को प्रस्तावित विचारों और समाधानों को ठोस कार्रवाई और साझेदारी में बदलने में मदद करनी चाहिए।

मुंबई फर्स्ट द्वारा महाराष्ट्र सरकार और भारत सरकार के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन में लगभग 15 शहरों और कई ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि, नीति निर्माता, शहरी विशेषज्ञ और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि शहरी विकास के भविष्य पर चर्चा करने के लिए एकत्रित हुए हैं।

यह सम्मेलन “दृढ़ता, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण” विषय पर आधारित है।