महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी विभागों को राज्य में सूखे की स्थिति से निपटने और जल संरक्षण को मजबूत करने के लिए आपसी तालमेल और योजनाबद्ध तरीके से काम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने ‘पानी अडवा, पानी जिरवा’ यानी पानी रोको और पानी सोखने दो पहल को प्राथमिकता देते हुए बारिश के पानी की हर बूंद को संजोने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।
श्री फडणवीस ने मुंबई में अपने सरकारी आवास पर जल संरक्षण से जुड़ी समीक्षा बैठक में यह बात कही। यह बैठक इस वर्ष ‘वॉटर कप’ अभियान की जल्दी शुरुआत के बाद हुई। उन्होंने ज़िला कलेक्टरों, ज़िला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और ज़मीनी स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ‘पानी फाउंडेशन’ जैसे स्वयंसेवी संगठनों के साथ मिलकर काम करें और संरक्षण के कामों में तेज़ी लाएँ।