महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि शिक्षण संस्थानों को, उद्योग के लिए तैयार, रोजगारोन्मुखी कौशल से लैस कार्यबल तैयार करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आज नागपुर के रामदेवबाबा विश्वविद्यालय में एआई दक्षता केंद्र का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई, सेमीकंडक्टर और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती प्रौद्योगिकियां भविष्य को आकार देंगी, इसलिए शिक्षण संस्थानों के लिए अपने शिक्षण विधियों का आधुनिकीकरण करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जहां एआई से अगले एक हजार दिनों में लगभग 70 प्रतिशत नौकरियों में बदलाव आने की उम्मीद है, वहीं कौशल आवश्यकताओं में बदलाव के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
श्री फडणवीस ने भविष्य के कार्यबल की बदलती मांगों के लिए छात्रों को तैयार करने के लिए पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अद्यतन करने की आवश्यकता पर बल दिया।