महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संयुक्त रूप से ‘पहले एक हजार दिन का मिशन’ तैयार करने का निर्देंश दिया है। स्वास्थ्य तथा महिला और बाल विकास विभागों से कहा गया है कि इस मिशन में गर्भावस्था से लेकर बच्चे के दूसरे जन्मदिन तक की अवधि शामिल होगी। यह मिशन माताओं में एनीमिया, बच्चों के पोषण, स्तनपान, टीकाकरण और स्वास्थ्य देखभाल पर केंद्रित होगा, जिसमें आदिवासी और शहरी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
श्री फडणवीस ने प्रगति पर नज़र रखने के लिए अलग मिशन सचिवालय और डेटा-आधारित निगरानी प्रणाली स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभागों को विभिन्न विभागीय लक्ष्यों को पूरा करने के बजाय माँ और बच्चे को केंद्र में रखकर मिलकर काम करना चाहिए। सभी के लिए एक ही तरह का तरीका अपनाने के बजाय स्थानीय परिस्थितियों, खान-पान की आदतों और पारंपरिक रीति-रिवाजों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।