महाराष्ट्र निवेश शिखर सम्मेलन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में 85 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावित निवेशों से संबंधित 67 समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
प्रस्तावित निवेशों से लगभग 29 लाख रोजगार उपलब्ध होने की आशा है। इसमें डेटा सेंटर, आईटी और सेमीकंडक्टर का सबसे बड़ा हिस्सा है। इसके बाद ऊर्जा, स्वच्छ प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र का स्थान है।
श्री फडणवीस ने राज्य को प्रमुख निवेश स्थल बनाने के उद्देश्य से ‘इन्वेस्ट महाराष्ट्र’ मंच का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सरकार निवेशकों को भूमि, बिजली, बुनियादी ढांचे, अनुमोदन और कुशल मानव संसाधन के लिए सहायता प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपूर्ति शृंखला के अवसरों और कौशल विकास के माध्यम से इन बड़े निवेशों का लाभ स्थानीय लघु और मध्यम उद्यमों, आपूर्तिकर्ताओं, युवाओं और किसानों तक पहुंचना चाहिए। राज्य ने 2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा है।