उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर की शाही सवारी का आज आकाशवाणी से सीधा प्रसारण किया जाएगा। आकाशवाणी उज्जैन दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक इसका लगातार प्रसारण करेगा।
इसे मध्य प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों पर सुना जा सकेगा। श्रद्धालु एफएम 102.5 मेगाहर्ट्ज और न्यूज ऑन एयर मोबाइल ऐप के माध्यम से भी इसका आनंद ले सकेंगे।
इसके अंतर्गत शाही सवारी के पूरे मार्ग, प्रमुख पड़ावों, धार्मिक अनुष्ठानों और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े दृश्यों का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस विशेष कवरेज को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के लिए नामांकित किया गया है।
आज की अंतिम शाही सवारी में भगवान महाकाल श्रद्धालुओं को सात अलग-अलग रूपों में दर्शन देंगे। सवारी शाम चार बजे मंदिर से शुरू होगी और महाकाल घाटी, गुदरी चौराहा और रामानुजकोट होते हुए रामघाट पहुंचेगी।
रामघाट पर भगवान चंद्रमौलेश्वर और भगवान मनमहेश का शिप्रा नदी के पवित्र जल से पूजन किया जाएगा। इसके बाद शाही सवारी शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी।