पंजाब, हरियाणा और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भीषण गर्मी से आज राहत मिली है। आज सुबह आसमान में बादल छाए रहे, हल्की हवा और बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आई। चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में आज आंधी चलने और तेज हवाओं के साथ-साथ कुछ स्थानों पर लू की आशंका को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार और शनिवार तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ-साथ ऐसी ही स्थिति रह सकती है। चंडीगढ़ और पंजाब के पठानकोट, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश का रेड अलर्ट भी जारी किया है। हरियाणा के पंचकुला अंबाला और यमुनानगर के लिए भी इसी तरह के मौसम का रेड अलर्ट जारी किया गया है।