अक्टूबर 10, 2026 6:17 अपराह्न

printer

लद्दाख: करगिल में पहली हीट पंप डिहाइड्रेशन और शीत भंडारण सुविधा का उद्घाटन

लद्दाख के करगिल में आज पहली हीट पंप डिहाइड्रेशन और शीत भंडारण सुविधा का उद्घाटन हुआ। लद्दाख विश्वविद्यालय के कुर्बाथांग परिसर के पास कांताकारी में स्थापित इस सुविधा का उद्घाटन लद्दाख के सांसद हाजी मोहम्मद हनीफा जान ने किया।
 
इस सुविधा से फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने और किसानों तथा स्थानीय उद्यमियों के लिए नए आर्थिक अवसर उपलब्‍ध होने की उम्मीद है।
 
इस कार्यक्रम में सांसद हाजी मोहम्मद हनीफा जान ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने लद्दाख की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और रोजगार के अवसर उपलब्‍ध कराने के लिए युवाओं में उद्यमिता, कृषि नवाचार और स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
 
ऊर्जा-दक्षता तकनीक के माध्यम से खुबानी, सब्जियों, जड़ी-बूटियों और अन्य बागवानी उत्पादों को वैज्ञानिक तरीके से सुखाकर संरक्षित किया जा सकेगा। इससे उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने और भंडारण अवधि बढ़ाने में मदद मिलेगी।
 
यह पहल करगिल के लिए विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण है, जहां कृषि का मौसम कम अवधि का होता है और प्रसंस्करण सुविधाओं की कमी के कारण किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने में चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।