अगस्त 15, 2026 12:48 अपराह्न

printer

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने बेंगलुरु में तिरंगा फहराया; 2047 तक तीन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य रखा

कर्नाटक में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति की भावना और भारत को एक विकसित देश बनाने के संकल्प का समावेश रहा।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने बेंगलुरु के फील्ड मार्शल मानेकशॉ मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को तीन ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने सभी विद्यालयों में छठी कक्षा से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई शिक्षा शुरू करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने एआई अक्षरा अभियान और कोडिंग गुरुकुल का शुभारंभ किया। उन्होंने यह भी कहा कि देश का पहला सरकारी एआई विश्वविद्यालय बेंगलुरु में स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने सरकारी क्षेत्र में 72 हजार रिक्त पदों को भरने और रोजगार सृजित करने के लिए मुख्यमंत्री रोजगार संकल्प की घोषणा की। उन्होंने अगले दो वर्षों में एक लाख नए रोजगार सृजित करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि फसल सर्वेक्षण और रीयल टाइम सूचना प्रणालियों के लिए ड्रोन और उपग्रहों का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने बेंगलुरु व्यवसाय गलियारे का शुभारंभ, पांच नए पुलिस आयुक्त कार्यालयों के गठन, उपद्रवी नियंत्रण बल के गठन, पांच बड़े वृक्षारोपण पार्कों के निर्माण, बेंगलुरु में सात प्रमुख झीलों के विकास और जनता की शिकायतों के निवारण के लिए प्रजा सेवा विभाग की स्थापना के बारे में भी बात की।