पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रस्तावित कल्याणी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसका उद्देश्य कोलकाता एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव को कम करना और दक्षिण बंगाल में हवाई संपर्क का विस्तार करना है। नदिया जिले के कल्याणी और बीरपाड़ा में करीब दो हजार एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। इन क्षेत्रों में जमीन की खरीद-बिक्री के दस्तावेजों के पंजीकरण पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
इस बीच, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने कल घोषणा की कि राज्य सरकार 28 सितंबर को क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के अंतर्गत चार हवाई अड्डों के विकास के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करेगी। इन हवाई अड्डों का विकास पुरुलिया के छर्रा, दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट, अलीपुरद्वार के हासीमारा और पश्चिम मेदिनीपुर के कलाईकुंडा में किया जाएगा।