सितम्बर 2, 2026 6:05 अपराह्न

printer

झारखंड में H1N1 स्वाइन फ्लू संक्रमण के मामलों में तेजी

झारखंड में H1N1 स्वाइन फ्लू संक्रमण के मामलों में तेजी से वृद्धि देखी गई है। पिछले 30 दिनों में राज्य भर में कुल 36 मामले सामने आए हैं। इनमें 18 बच्चे और किशोर शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी प्रमुख अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और संदिग्ध मामलों की तत्काल जांच तथा उपचार सुनिश्चित करने को कहा है।

रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान-रिम्‍स और जमशेदपुर के महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल-एमजीएम में H1N1 तथा H3N2 की आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और सदर अस्पतालों को अतिरिक्त बेड आरक्षित करने का निर्देश दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग अंतरराज्यीय यात्रा के बाद झारखंड लौटने वाले लोगों पर भी नजर रख रहा है और जिलों से दैनिक रिपोर्ट मांग रहा है। तेज बुखार, खांसी, गले में खराश और बदन दर्द जैसे लक्षण अनुभव करने वाले लोगों को स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत डॉक्टर से परामर्श करने की सलाह दी गई है।