जुलाई 31, 2026 1:54 अपराह्न

printer

झारखंड: भाजपा सांसदों ने जेपीएससी पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

झारखंड के भाजपा सांसदों ने आज संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने झारखंड लोक सेवा आयोग-जेपीएससी पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री तथा कोडरमा से भाजपा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने आरोप लगाया कि झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा-जेएमएम के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान झारखंड लोक सेवा आयोग पेपर लीक समेत कई पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में सुश्री अन्‍नपूर्णा देवी ने कांग्रेस पर इस मामले पर दोहरा रुख अपनाने का आरोप लगाया।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची से लोकसभा सांसद संजय सेठ ने कहा कि झारखंड में हजारों छात्र जेपीएससी पेपर लीक और जेएसएससी भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने जेएमएम के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर मामले की सीआईडी ​​जांच का आदेश देकर दिखावा करने का आरोप लगाया।