आज दिल्ली में जन्माष्टमी का उत्सव धार्मिक उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। दिल्ली समेत नोएडा और गाजियाबाद सहित एनसीआर के मंदिरों को उत्सव के लिए सजाया गया है। श्रद्धालु सुबह की आरती में शामिल होने के लिए विभिन्न मंदिरों में एकत्रित हुए हैं। बिरला मंदिर, ईस्ट ऑफ कैलाश और पंजाबी बाग स्थित इस्कॉन मंदिर और द्वारका स्थित द्वारिकाधीश मंदिर में हर्षोल्लासपूर्ण उत्सव मनाया जाएगा।
रोहिणी स्थित इस्कॉन मंदिर, रामलीला मैदान और जापानी पार्क में जन्माष्टमी के उत्सवों के कारण दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों को मधुबन चौक और हेलीपोर्ट के बीच भगवान महावीर मार्ग और उससे जुड़े मार्गों से बचने की सलाह दी है।
वहीँ नरेला स्थित खाटू श्याम दिल्ली धाम मंदिर में भारी भीड़ होने की संभावना है। जीटी करनाल रोड और घंटा घर चौक से भी बचने का सुझाव दिया गया है क्योंकि वहां से जुलूस निकाले जाएंगे।