केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह कल, 6 जून को जम्मू-कश्मीर के भदेरवाह में “लैवेंडर गोज़ ग्लोबल” थीम के तहत दो दिवसीय ‘लैवेंडर महोत्सव’ का उद्घाटन करेंगे। चौथा लैवेंडर महोत्सव 6 और 7 जून को डोडा जिले के सरकारी डिग्री कॉलेज भदेरवाह में आयोजित किया जा रहा है। सीएसआईआर-आईआईआईएम द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम जम्मू-कश्मीर में “बैंगनी क्रांति और लैवेंडर आधारित ग्रामीण उद्यमशीलता की निरंतर सफलता” का जश्न है। कार्यक्रम के दौरान आवश्यक तेल, साबुन, सौंदर्य प्रसाधन सहित मूल्यवर्धित लैवेंडर उत्पादों की प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कृषि स्टार्टअप्स के प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
इस महोत्सव में देश भर के वैज्ञानिकों, स्टार्टअप्स, सुगंध उद्योग, उद्यमियों, नीति निर्माताओं, कृषि-व्यापार हितधारकों, छात्रों, प्रगतिशील किसानों और सुगंध एवं स्वास्थ्य कंपनियों के प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिलेगी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूरे देश के किसानों, छात्रों, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं, उद्योग प्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों और लोगों को इस महोत्सव में आमंत्रित किया गया है