जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज पुंछ जिले के मुर्रा गांव का दौरा किया और वहां एक ग्रामीण से मुलाकात की जिसने पिछले महीने बादल फटने से आई बाढ़ और भूस्खलन में अपने परिवार के आठ सदस्यों को खो दिया था। श्री अब्दुल्ला ने सीमावर्ती जिले का दौरा कर भारी वर्षा के बाद बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति का आकलन किया। वहां आई आपदा में 16 लोगों की मृत्यु हो गई थी और छह अन्य लापता हो गए।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें सरकार की ओर से हर संभव सहायता और सहयोग का आश्वासन दिया। 19 जुलाई को मुर्रा गांव में बादल फटने से आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के साथ राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए उठाए गए कदमों की भी समीक्षा की।