मई 21, 2026 12:57 अपराह्न

printer

जम्‍मू-कश्‍मीर: राज्य चुनाव आयोग ने पंचायत मतदाता सूचियों का वार्षिक पुनरीक्षण कार्य पूरा किया

जम्‍मू-कश्‍मीर में राज्य चुनाव आयोग ने इस वर्ष पहली अप्रैल को अर्हता तिथि मानते हुए, ‘अंतिम पंचायत मतदाता सूची-2026’ के प्रकाशन के साथ पंचायत मतदाता सूचियों का वार्षिक पुनरीक्षण कार्य पूरा कर लिया है। हमारे जम्‍मू संवाददाता ने बताया है कि 27 मार्च को मसौदा मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ पुनरीक्षण प्रक्रिया शुरू हुई।

इसके बाद दावेदारी दर्ज कराने के लिए चालीस दिन और पांच मई तक आपत्ति दर्ज कराने का समय दिया गया। 14 मई तक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों द्वारा सभी दावों और आपत्तियों का निपटान कर दिया गया है। 

बुधवार को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ जम्‍मू-कश्‍मीर में आगामी पंचायत चुनावों के लिए रास्‍ता साफ हो गया है। राज्‍य चुनाव आयुक्‍त शांतमनु, ने पुनरीक्षण अभ्‍यास को सफलतापूर्वक सम्‍पन्‍न करने के लिए अधिकारियों, राजनीतिक पार्टियों और नागरिकों के सहयोग के लिए सराहना की है।