जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने आज उधमपुर, रियासी और कठुआ जिलों में संदिग्ध लोगों की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद कई जगहों पर तलाशी अभियान शुरू किया। रियासी के सदिनी जंगलों और कठुआ के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कई गांवों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। सभी इलाकों में अभियान जारी है।
इस बीच, उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने कल पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम इलाकों का दौरा किया। उन्होंने उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार सतर्कता और नए तरीकों को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने सैन्य टुकड़ियों की अभियान संबंधी तैयारियों की समीक्षा की और सीमा पर तैनात जवानों से बातचीत की।
लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा को इलाके की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, अभियान संबंधी तैयारियों और दुर्गम क्षेत्र में तैनाती की चुनौतियों की जानकारी दी गई। उन्होंने अग्रिम इलाकों में तैनात जवानों से भी बातचीत की और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों तथा मौसम के बावजूद उनकी तत्परता और दृढ़ता की सराहना की।