सितम्बर 2, 2026 1:16 अपराह्न

printer

गणेश उत्सव के दौरान छह फीट से कम ऊंचाई वाली गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में करना अनिवार्य होगा: बीएमसी

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कहा कि आगामी गणेश उत्सव के दौरान छह फीट से कम ऊंचाई वाली गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में करना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार लागू की जाएगी।

बीएमसी मुख्यालय में अधिकारियों, गणेश मंडलों के पदाधिकारियों और मूर्ति निर्माताओं के साथ समीक्षा बैठक के बाद जारी बयान में कहा गया कि छह फीट से कम ऊंचाई वाली प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

बीएमसी ने विसर्जन के लिए 281 कृत्रिम तालाबों के अलावा 44 समुद्र तट और जेटी तथा 23 प्राकृतिक झीलों की व्यवस्था की है। इस तरह कुल 348 विसर्जन स्थल होंगे। कृत्रिम तालाबों की जानकारी क्यूआर कोड और गूगल मैप के जरिए लोगों को उपलब्ध कराई जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार, विसर्जन स्थलों पर एक हजार 132 लाइफगार्ड, 85 एम्बुलेंस, 34 क्रेन और 10 मोटर बोट तैनात की जाएंगी। इसके अलावा, फूल-मालाओं जैसे निर्माल्य के संग्रह के लिए 498 डिब्बे और 326 डंपर लगाए जाएंगे। विसर्जन स्थलों पर छह हजार 52 फ्लड लाइट और सर्च लाइट भी लगाई जाएंगी।

पर्यावरण अनुकूल गणेश उत्सव को बढ़ावा देने के लिए बीएमसी ने मूर्ति निर्माताओं को 858 टन शाडू मिट्टी और 25 हजार 400 लीटर पर्यावरण अनुकूल पेंट निशुल्क उपलब्ध कराया है। दस दिन का गणेश उत्सव 14 सितंबर से शुरू होगा।