नवम्बर 25, 2026 1:40 अपराह्न

printer

महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के लिए मनाया जा रहा है अंतर्राष्ट्रीय दिवस 2026

आज महिलाओं के विरूद्ध हिंसा के उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाया जा रहा है। महिलाओं और लड़कियों के विरूद्ध होने वाली हिंसा के बारे में जागरूकता बढ़ाने और दुर्व्यवहार तथा भेदभाव को खत्म करने के आह्वान के सिलसिले में प्रति वर्ष 25 नवंबर को यह दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष, संयुक्त राष्ट्र की ओर से इसका विषय रखा गया है- ‘महिलाओं और लड़कियों के विरूद्ध हिंसा को खत्म करने के लिए एकजुट हों: न्याय सुनिश्चित करें, पीड़ितों की सुरक्षा करें, और दोषियों को सजा से बचने न दें।’

यह विषय मजबूत न्याय प्रणाली, सुरक्षित रिपोर्टिंग तंत्र, पीड़ितों के लिए बेहतर सहायता सेवाओं और दोषियों की जवाबदेही तय करने की आवश्यकता पर बल देता है। यह इस बात को भी रेखांकित करता है कि महिलाओं के विरूद्ध हिंसा घरों, कार्यस्थलों, सार्वजनिक स्थानों और ऑनलाइन – हर जगह होती है।

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, संपूर्ण विश्‍व में हर तीन में से एक महिला को अपने जीवनकाल में शारीरिक या यौन हिंसा का सामना करना पड़ता है। हालांकि, डर, सामाजिक कलंक, भेदभाव और कमजोर संस्थागत प्रतिक्रियाओं के कारण, कई पीड़िताएं आज भी न्याय, सुरक्षा और सहायता पाने के लिए संघर्ष कर रही हैं।