भारतीय नौसेना का समुद्र विज्ञान अनुसंधान पोत आईएनएस सागरध्वनि, कल मलेशिया के पोर्ट क्लांग से रॉयल मलेशियाई नौसेना के साथ सफल समन्वय सत्र संपन्न करने के बाद रवाना हो गया। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि पोर्ट क्लांग में दोनों नौसेनाओं के कर्मियों ने आधुनिक जलविज्ञान पद्धतियों, समुद्री पर्यावरण अनुसंधान और समुद्र विज्ञान प्रौद्योगिकियों में कई पेशेवर और वैज्ञानिक वार्ताएं कीं।
मंत्रालय ने बताया कि रॉयल मलेशियाई नौसेना के जलविज्ञान विभाग के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी पोत का दौरा किया और उन्हें पोत पर मौजूद समुद्रविज्ञान प्रणालियों के बारे में जानकारी दी गई। यह तैनाती भारत और मलेशिया के बीच बढ़ती समुद्री साझेदारी को रेखांकित करती है और क्षेत्रीय सहयोग, ज्ञान साझाकरण और घनिष्ठ पेशेवर सहयोग के प्रति दोनों नौसेनाओं की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।