रेल, सूचना प्रौद्यागिकी तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव दो दिन के राजस्थान दौरे पर हैं। उन्होंने जोधपुर रेलवे स्टेशन से दिल्ली कैंट के लिए 20 डिब्बों वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना किया। इस रेलगाडी में पहले 8 डिब्बे थे। इसके साथ ही यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा और बढ़ी हुई बैठने की क्षमता मिलेगी।
इस अवसर पर श्री वैष्णव ने भगत की कोठी में वंदे भारत स्लीपर कोच कार्यशाला के दूसरे चरण की भी घोषणा की। उन्होंने जैसलमेर स्टेशन पर नवनिर्मित कोच केयर कॉम्प्लेक्स का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी उपस्थित थे। संवाददाताओं से बातचीत में श्री वैष्णव ने कहा कि पूरे देश में रेल संपर्क तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के लिए दस हजार करोड़ रुपये से अधिक का बजट आवंटन किया गया है। आने वाले वर्ष में बड़े स्तर पर कई विकास कार्य किए जाएंगे।
आज शाम रेल मंत्री जालौर जाएंगे, जहां वे नई भुज-बरेली एक्सप्रेस को रवाना करेंगे। उनका पाली जाने का भी कार्यक्रम है। यह दौरा राज्य में रेलवे के बुनियादी ढांचे के विस्तार और यात्री संपर्क में सुधार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कल श्री वैष्णव जयपुर में आयोजित होने वाले रोजगार मेले में शामिल होंगे।