अक्टूबर 26, 2026 10:20 अपराह्न

printer

ब्रिक्स संसदीय मंच के दौरान लगाई गई प्रदर्शनी में भारत के पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और क्षेत्रीय उत्पादों का प्रदर्शन

संसद भवन में आयोजित ब्रिक्स संसदीय मंच के साथ-साथ लगाई गई प्रदर्शनी में भारत के पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और क्षेत्रीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से देशभर के कारीगरों और प्रदर्शकों को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने अपने उत्पाद पेश करने और भारत की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने का अवसर मिल रहा है।

प्रदर्शनी में चांदी की परत चढ़े तांबे के बर्तन, सहारनपुर की बारीक लकड़ी की नक्काशी, तेलंगाना की इकत साड़ियां, पटियाला के हथकरघा उत्पाद और बिहार के मखाने से बने विभिन्न उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं। इसमें देश के अलग-अलग क्षेत्रों की कला और उत्पादों को एक मंच पर लाया गया है।

प्रदर्शकों ने बताया कि ऐसे मंचों से उनके उत्पादों को व्यापक पहचान मिलती है, कारोबार के नए अवसर सृजित होते हैं, ऑर्डर मिलते हैं और कारीगरों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ते हैं।