संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पर सीमा पार आतंकवाद को जारी रखने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों को प्रायोजित करने के लिए उसे परिणाम भुगतने होंगे। श्री हरीश ने यह टिप्पणी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों को बनाए रखने और संयुक्त राष्ट्र-केंद्रित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को मजबूत करने संबंधी विषय पर हुई खुली बहस के दौरान कीं।
परिषद को संबोधित करते हुए भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि पाकिस्तान ने अपनी स्थापना के बाद से लगातार आतंकवाद, हिंसक उग्रवाद और भारत विरोधी गतिविधियों को पनाह दी है और उनका समर्थन किया है। श्री हरीश ने कहा कि पाकिस्तान को यह स्वीकार करना होगा कि सीमा पार आतंकवाद को प्रायोजित करने के परिणाम भुगतने होंगे।
उन्होंने पाकिस्तान के भारत को हजार घावों से खून बहाने के दीर्घकालिक सिद्धांत की भी आलोचना की। श्री हरीश ने कहा कि इससे संयुक्त राष्ट्र चार्टर के प्रति इस्लामाबाद की खोखली प्रतिबद्धता उजागर होती है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने कई युद्ध छेड़कर, भारत के खिलाफ बिना उकसावे के आक्रामकता करके और सीमा पार आतंकवाद को लगातार प्रायोजित करके संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के सिद्धांतों का उल्लंघन किया है।