जुलाई 14, 2026 12:53 अपराह्न

printer

भारत का सबसे बड़ा वैश्विक वस्त्र कार्यक्रम भारत टेक्स 2026 आज नई दिल्ली में शुरू हुआ

भारत का सबसे बड़ा वैश्विक वस्त्र कार्यक्रम, भारत टेक्स 2026 आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हुआ। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने आज इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

संवाददाताओं से बातचीत में श्री सिंह ने कहा कि भारत टेक्स प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि यह अब एक अंतर्राष्ट्रीय आयोजन बन चुका है और हर साल इसमें प्रदर्शकों, खरीदारों, विक्रेताओं और आगंतुकों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष इस कार्यक्रम में 130 देशों के 60 हजार से अधिक खरीदार और प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। श्री सिंह  ने कहा कि सुक्ष्म लघु और मध्यम उद्यमी भी भारत टेक्स में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौते भी वस्त्र क्षेत्र को लाभ पहुँचा रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और विभिन्न राज्यों के वस्त्र मंत्रियों ने भी भाग लिया। यह कार्यक्रम कपड़ा, फैशन, टिकाउ, प्रौद्योगिकी, नवाचार, निवेश और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में भारत के बढ़ते वैश्विक नेतृत्व को प्रदर्शित कर रहा है। इसमें निर्माताओं, निर्यातकों, वैश्विक खरीदारों, निवेशकों, नीति निर्माताओं, अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों, कारीगरों, स्टार्ट-अप और प्रौद्योगिकी प्रदाताओं को एक साथ लाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5एफ विज़न- फार्म टू फाइबर टू फैक्ट्री टू फैशन टू फॉरेन से प्रेरित होकर भारत टेक्स 2026 कपड़ा मूल्य श्रृंखला में व्यवसाय, निवेश, नवाचार, नीति संवाद और रणनीतिक साझेदारी के लिए एक प्रमुख वैश्विक मंच के रूप में विकसित हुआ है। भारत टेक्स 2026 के इस तीसरे संस्करण में लगभग सात हजार खरीदार और 20 हजार से अधिक कपड़ा उत्पादों की भागीदारी देखी जा रही है। इस कार्यक्रम में 14 देशों के अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। इस आयोजन में 20 से अधिक देशों के अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञ, राष्ट्रीय उद्योग जगत के नेता, नीति निर्माता और विचारक सहित 350 से अधिक वक्ता शामिल होंगे।