भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य के रूप में वर्ष 2028-29 के कार्यकाल के लिए अपना चुनाव अभियान आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया है।
न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने भारत की उम्मीदवारी पेश करते हुए ‘शांति’ दृष्टिकोण का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि भारत अब तक संयुक्त राष्ट्र के लगभग पचास शांति मिशनों में करीब तीन लाख शांति सैनिक भेज चुका है और वर्तमान में दस मिशनों में चार हजार तीन सौ से अधिक भारतीय कर्मी तैनात हैं। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा संवाद, कूटनीति और वैश्विक दक्षिण के हितों की महत्व देता रहा है।
उन्होंने सदस्य देशों से भारत की उम्मीदवारी का समर्थन करने की अपील की। निर्वाचित होने पर भारत वर्ष 2028 से दो वर्ष के लिए सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य बनेगा। भारत इससे पहले आठ बार इस पद पर रह चुका है।