भारतीय रेलवे ने गुजरात में 49 किलोमीटर लंबे आदिपुर-भुज खंड के दोहरीकरण योजना को मंजूरी दे दी है। इस पर 493 करोड़ रुपये की लागत आयेगी। इसका उद्देश्य कच्छ क्षेत्र में रेल संपर्क को मजबूत करना और क्षमता बढ़ाना है। रेल मंत्रालय ने कहा कि यह परियोजना भारतीय रेलवे के दोहरीकरण और अन्य नेटवर्क सुधार कार्यों के माध्यम से क्षमता वृद्धि के चल रहे कार्यक्रम के तहत स्वीकृत की गई है। मंत्रालय ने बताया है कि इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण खंड के दोहरीकरण से कच्छ क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत होगा तथा यात्री और माल ढुलाई में अपेक्षित वृद्धि को सहयोग मिलेगा।
इस परियोजना से प्रतिदिन दोनों दिशाओं में दो अतिरिक्त यात्री रेल सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है, जिससे पूरे क्षेत्र में यात्रा सुविधा और संपर्क में सुधार होगा। दोहरी लाइन से प्रति वर्ष एक करोड़ बीस लाख टन अतिरिक्त माल ढुलाई में भी सहायता मिलेगी, जिससे पश्चिमी गुजरात में प्रबंधन और औद्योगिक संपर्क मजबूत होगा। मंत्रालय ने कहा कि खंड की वर्तमान लाइन क्षमता का उपयोग 2029-30 तक वर्तमान स्तर से बढ़कर 123 प्रतिशत होने का अनुमान है। दोहरीकरण कार्य से मार्ग पर भीड़ कम करने, परिचालन संबंधी बाधाओं को दूर करने और ट्रेन संचालन की विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलेगी।