नवम्बर 24, 2026 8:52 पूर्वाह्न

printer

भारत-नेपाल ने प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की यात्रा के दौरान संपर्क, ऊर्जा और विकास से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की घोषणा की

भारत और नेपाल ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। ये समझौते स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा, उपग्रह संचार नेटवर्क की स्थापना, क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम, सतत शहरी विकास, शिक्षा और अनुसंधान तथा पशुधन और मत्स्य विकास क्षेत्रों से संबंधित हैं। नई दिल्ली में कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के बीच हुई वार्ता के बाद इस समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।

दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। दोनों नेताओं ने विकसित भारत और समन्वित नेपाल के लिए संयुक्त दृष्टिकोण अपनाया। यह भविष्य के अनकूल साझेदारी की रूपरेखा तैयार करता है और दोनों देशों के लिए एक उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करता है।

श्री मोदी ने कहा कि भारत-नेपाल संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे संबंधों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह संबंध केवल पड़ोसियों का नहीं, बल्कि आत्मीयता और अटूट विश्वास का है। श्री मोदी ने कहा कि दोनों राष्ट्र एक-दूसरे की प्रगति में भागीदार और कठिन समय में एक-दूसरे के लिए सहारा हैं। उन्होंने इस वर्ष अगस्त में नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई शक्ति प्रदान करने के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत कई वर्षों से नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों और अन्य आवश्यक वस्तुओं का विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता रहा है। उन्होंने कि पड़ोसी प्रथम नीति के अनुरूप, इस वर्ष तेल आपूर्ति से संबंधित गंभीर चुनौतियों के बावजूद, भारत ने नेपाल को ईंधन, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति जारी रखी।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्‍द्र शाह ने कहा कि भारत नेपाल का विश्वसनीय साझेदार है और यह विश्वास हिमालय की तरह ऊंचा है। उन्होंने कहा कि संकट के समय भारत ने सबसे पहले सहायता प्रदान की। श्री शाह ने दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।

वार्ता के बाद दोनों प्रधानमंत्रियों ने रेलवे प्रौद्योगिकी के प्रदर्शन और गतिशक्ति पोर्टल पर एक प्रस्तुति देखी। दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के धारचुला को जोड़ने वाले सड़क पुल का उद्घाटन और मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण का लोकार्पण किया। श्री मोदी और श्री शाह ने बनबासा में एकीकृत जांच चौकी, नेपाल के झापा में ग्रीनफील्ड तेल भंडारण टर्मिनल और नेपाल के कोशो प्रांत में 669 मेगावाट की नीचली अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला भी रखी। श्री मोदी और श्री शाह ने संयुक्त रूप से अयोध्या और जनकपुर के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस रेलगाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना किया।